भिवंडी में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला, शावरमा-पिज्जा खाने के बाद 88 लोग अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के भिवंडी में कथित फूड पॉइजनिंग की बड़ी घटना सामने आई है। खंडूपाड़ा रोड स्थित एक फास्ट फूड सेंटर से शावरमा और पिज्जा खाने के बाद 88 लोग बीमार पड़ गए। बीमार होने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, खाना खाने के कुछ घंटों बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी, मतली और दस्त जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। सभी प्रभावित लोगों को उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और खाद्य एवं औषधि विभाग (FDA) ने जांच शुरू कर दी है। संबंधित फास्ट फूड दुकान को सील कर दिया गया है तथा खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से बाहर का भोजन खरीदते समय स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।







